सोनीपत। कुंडली क्षेत्र में पारकर मॉल के पास दो दोस्तों पर चाकू और लाठियों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार पीजीआई रोहतक में चल रहा है। कुंडली थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव प्रीतमपुरा निवासी दिनेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 27 जून को अपने दोस्त रोहित के साथ पारकर मॉल के पास गया था। इसी दौरान जठेड़ी निवासी काला उर्फ आर्यन, राहुल और प्रीतमपुरा निवासी राकेश अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि युवकों ने लाठियों और चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से दिनेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से दिनेश को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जबकि रोहित को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।