खरखौदा। गांव गढ़ी सिसाना में एक किसान ने प्लॉट में रखे सामान को चुराने का प्रयास करते दो लोगों को पकड़ लिया। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। खरखौदा थाना पुलिस ने आरोपी रोहतक जिले के गांव हुमायूंपुर निवासी रवि व अक्षय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव गढ़ी सिसाना निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने खेत में स्थित प्लाट में इनर्वटर, बैटरी व गेहूं रखा था। 10 दिन पहले उनके प्लॉट में घुसकर कोई इनवर्टर-बैटरी चोरी करने के साथ ही गेहूं भी चोरी कर ले गया। वह चोर को पकड़ने के लिए प्लॉट में ही छिपकर बैठ गए। दो लड़के एक थैला लेकर सुबह 11 बजे उनके प्लॉट में घुसे। उन्होंने आवाज देकर अपने पड़ोसियों को बुला लिया। पड़ोसी मनीष, सौरभ, नितेश, संजीव आ गए, आवाज सुनकर दोनों युवक दीवार फांदकर खेतों की तरफ भागने लगे, जिन्हें उन्होंने पकड़ लिया। आरोपियों ने अपनी पहचान रोहतक जिले के गांव हुमांयुपुर निवासी रवि व अक्षय के रूप में दी। धर्मेंद्र का कहना है कि उनके पड़ोसी दलजीत के प्लॉट से दो दिन पहले सरसों के भी दो बोरे चोरी हुए थे। उन्हें शक है कि इन दोनों ने ही दलजीत के प्लॉट में भी चोरी की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।