कतर में फंसे अमित अपने परिवार के साथ। फाइल फोटो
गोहाना। इस्राइल-ईरान युद्ध के बीच गांव बिधल के रहने वाले दो सगे भाई अमित और अनिल दुबई और कतर में फंस गए हैं। दोनों भाई वहां ऑयल एंड गैस की ड्रिलिंग का काम करते हैं। उनके पिता राजपाल ने बताया कि फिलहाल हालात बिगड़ने के बाद दोनों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है मगर उनको हर समय उनकी चिंता लगी रहती है।
परिजनों ने बताया कि दोनों भाई समुद्र के बीच हेलिकॉप्टर और बोट के जरिए ड्रिलिंग साइट पर जाते हैं। अमित ने व्हाट्सएप कॉल पर बताया कि वह 27 फरवरी को कतर पहुंचे थे। पहले ही दिन जब वे हेलिकॉप्टर से समुद्र में ड्रिलिंग के लिए जाने की तैयारी कर रहे थे तभी मोबाइल पर सायरन बजने लगा। इसके बाद उनका जाना रद्द कर दिया गया। उन्हें सुरक्षित होटल में ठहराया गया।
अमित ने बताया कि होटल पहुंचने के बाद उन्होंने ऊपर से मिसाइल गुजरते हुए देखी। वहीं, दुबई में काम कर रहे बड़े भाई अनिल की बोट भी समुद्र से वापस बुला ली गई। उन्हें भी सुरक्षित जगह भेज दिया गया। अमित ने बताया कि वे तनावपूर्ण हालात के बीच फंसे हैं। आगे क्या होगा यह कहना मुश्किल है।
बता दें कि गांव बिधल में अनिल और अमित के बीमार पिता रहते हैं जो पहले खेतीबाड़ी करते थे। उनकी पत्नी का तीन साल पहले निधन हो चुका है। अनिल को एक बेटा और एक बेटी है जो अपने दादा के साथ रहते हैं। अमित का एक बेटा है। अमित का परिवार सोनीपत के सेक्टर-61 स्थित मैक्स हाइट ड्रीम होम में रहता है।
कतर में फंसे अमित अपने परिवार के साथ। फाइल फोटो
कतर में फंसे अमित अपने परिवार के साथ। फाइल फोटो