फोटो 22- सोनीपत के गन्नौर के गांव पुगथला में बनाए गए परीक्षा केंद्र से दूर कार में पर्चियां बना
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से संचालित 10वीं कक्षा के विज्ञान विषय के पेपर में उड़नदस्ता टीम ने नकल करते दो विद्यार्थियों को पकड़ा, जिनके यूएमसी बनाए हैं।
परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही करने पर दो पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त कर दिया है। वहीं, गन्नौर के गांव पुगथला में परीक्षा केंद्र से दूर खड़ी एक कार से चार युवकों को पर्चियां बनाते पकड़ा है। इनके पास से पांच मोबाइल, परीक्षा से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री व प्रश्न पत्र के सेट अंकित मिले हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 27 फरवरी से चल रही वार्षिक परीक्षाओं में अब तक बाहरी हस्तक्षेप मिला है, लेकिन पहली बार किसी विद्यार्थी को नकल करते पकड़ा है। मंगलवार को जिले में बनाए गए 69 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय का पेपर दिया। भिवानी की रेपिड एक्शन फोर्स-2 के उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
टीम खरखौदा के गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पहुंची और निरीक्षण करते हुए दो विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। दोनों विद्यार्थियों के यूएमसी बनाए गए हैं। वहीं, परीक्षा केंद्र के अंदर पर्चियां मिलने पर पर्यवेक्षक रजनी, विज्ञान अध्यापिका को नियमों की अवहेलना पाए जाने पर परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त कर दिया। वहीं, भिवानी की एसटीएफ-02 उड़नदस्ता टीम ने खरखौदा के गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पर्चियां पाए जाने पर कार्रवाई की है।