सोनीपत। पुलिस ने पिस्तौल के दम पर कार, रुपये और मोबाइल फोन छीनने के दो आरोपियों आकाश निवासी नियर ओल्ड बस स्टैंड रोहतक और अमित निवासी शिव नगर गोहाना को गिरफ्तार कर लिया है।
19 जून को गांव खानपुर खुर्द निवासी राकेश ने थाना मोहाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने दोस्त को गांव करेवडी छोड़ने के लिए गया था तो तीन लोगों ने उनकी कार के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर उनकी कार, रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए थे।
थाना मोहाना की पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर रविवार को उनको गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके गिरोह के दूसरे सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।