गोहाना। सदर थाना पुलिस ने गोहाना-फरमाणा रोड पर ग्रामीण की पिटाई करके बाइक, मोबाइल व पर्स छीनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव रिंढाना निवासी नवीन व बुधराम उर्फ कालू हैं।
जींद जिले के गांव गांगोली निवासी विनोद ने शिकायत दी थी कि 11 फरवरी को बाइक सवार तीन युवकों ने गोहाना-फरमाणा रोड पर उनकी बाइक के सामने अपनी बाइक रोक ली और तीनों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद वह उनसे बाइक, मोबाइल व पर्स छीनकर भाग गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब कार्रवाई करते हुए दो आरोपी नवीन व बुधराम उर्फ कालू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेशकर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
वहीं महिला थाना पुलिस ने बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल परिसर में बाइक चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव बुटाना निवासी विक्रम व जुल्फान हैं। गांव बड़ौत निवासी अमित ने शिकायत दी थी कि 2 फरवरी को वह अपनी पत्नी को डिलिवरी के लिए महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में एंबुलेंस में लाए थे और वह साथ में अपनी बाइक पर बैठकर आए थे। उन्होंने अपनी बाइक को आपातकालीन वार्ड के सामने खाली जगह में खड़ी कर दी थी। कुछ देर बाद बाहर आए तो बाइक गायब मिली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम व जुल्फान को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शहर थाना पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने के आरोपी जींद के गांव बीबीपुर निवासी साहिल को गिरफ्तार किया है। गांव भैंसवान खुर्द निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दी थी कि 8 फरवरी को बाइक अपनी दुकान के पास खड़ी की थी। जिसे किसी ने चोरी कर लिया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी साहिल को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद