संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। शहर थाना पुलिस ने नई सब्जी मंडी के निकट बस्ती में महिला की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में उसके पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नई सब्जी मंडी, गोहाना के संदीप तथा मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के गुलजार हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उनको चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदीप अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी के चलते पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरे में बंद कर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। घर में शव दबाने के लिए गड्ढा भी खोदा गया था, लेकिन बाद में शव को बोरे में डालकर दूसरे स्थान पर ले जाने षड्यंत्र बनाया गया।
24 मई की शाम संदीप ने एक दोस्त निजामुद्दीन को पुराने लोहे से भरा बोरा उठाने के बहाने घर बुलाया था। वहां उसका साथी गुलजार और एक अन्य युवक भी मौजूद थे। बोरा उठाते समय निजामुद्दीन को संदेह हुआ कि उसके अंदर कोई शव है।
बाद में उसने अपने घर जाकर परिवार वालों को पूरी बात बताई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बोरे में महिला का शव मिला था। इस संबंध में थाना शहर गोहाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अभियोग अंकित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक दिनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदीप और गुलजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात और शव ठिकाने लगाने के प्रयास के संबंध में पूछताछ की जा रही है।