गोहाना। गांव जौली में चल रहे निजी स्कूल की बस के रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेट एक ट्रक पर लगी मिली। यह मामला तब उजागर हुआ जब स्कूल के संचालक के पास उसी नंबर के ट्रक का चालान आया। स्कूल संचालक ने इस संबंध में सदर थाना में शिकायत दी है।
गांव जौली के जगबीर सिंह व उनके सहयोगियों ने दलबीर मेमोरियल शिक्षा समिति बना रखी है। यह समिति लगभग 15 साल से गांव जौली में ही निजी स्कूल चला रही है। स्कूल ने लगभग सात वर्ष पहले 18 सीटर बस खरीदी थी। इस बस का रजिस्ट्रेशन नंबर एचआर 69 डी 9881 है।
यह बस गांव से ही बच्चों को लाने और छोड़कर के काम में लाई जाती है। बस कभी भी किसी दूसरे जिले या राज्य में नहीं जाती है। स्कूल संचालक जगबीर का कहना है कि 26 अगस्त को उनके पास चालान कटने का मैसेज आया। मैसेज मेें उसके स्कूल की बस के रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेट एक अज्ञात ट्रक पर लगी हुई थी। जगबीर सिंह का कहना है कि स्कूल बस के रजिस्ट्रेशन नंबर का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने गोहाना सदर में शिकायत के साथ चालान की प्रति संलग्न की है।