सोनीपत। बहालगढ़ रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी के सामने एक ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, दो घायल हैं। घायलों में एक ही हालत गंभीर है। पुलिस ने बाइक सवार युवक के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
चंडीगढ़ के खेड़ा हल्लोमाजरा हाल सोनीपत के शामाबाद निवासी श्रीलाल ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया है कि वह शामाबाद स्थित चंडीगढ़ स्वीट्स प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी करता है। उसके साथ मूलरूप से बिहार के जिला बेतिया के गांव सबैठवा बहुअरवा निवासी दीपक (20) व बिहार के जिला मोतिहारी के गांव हारपुर निवासी रामसुंदर भी कार्यरत है।
तीनों शामाबाद में ही रहते हैं। बुधवार की रात करीब साढ़े 9 बजे बाइक से वे कमरे से बहालगढ़ ढाबे पर खाना लेने जा रहे थे। बहालगढ़ की इंद्रा कॉलोनी के सामने अचानक एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। इस बीच ट्रक दीपक को कुचलते हुए निकल गया।
राहगीरों की मदद से उन्होंने दीपक व रामसुंदर को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां दीपक को मृत घोषित कर दिया गया। रामसुंदर को खानपुर रेफर किया गया है। उन्होंने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने श्रीलाल के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दीपक अविवाहित था और श्रीलाल व रामसुंदर के साथ ही रह रहा था। संवाद