राई। नेशनल हाईवे-44 पर गांव राई के सामने फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हटा रहे हाइड्रा क्रेन से टकराकर एक ट्रक चालक की मौत हो गई। हाइड्रा चालक ने रोड पर कोई संकेतक तक नहीं लगाया था। इसके चलते ट्रक हाईवे पर टेढ़ा खड़े हाइड्रा से टकरा गया। चालक के बेटे के बयान पर पुलिस ने हाइड्रा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुरथल रोड स्थित विकास नगर निवासी राहुल ने राई थाना पुलिस का बताया कि उनके पिता संजय ट्रक चालक थे। वह कुंडली से ट्रक लेकर सोनीपत के लिए चले थे। जब वह नेशनल हाईवे-44 पर राई फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचे तो वहां एक दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हाइड्रा क्रेन से हटाया जा रहा था। सड़क पर कोई संकेतक या अवरोधक नहीं लगाया गया था। साथ ही हाइड्रा टेढ़ा खड़ा किया गया था। इसके चलते ट्रक की सीधी टक्कर हाइड्रा से हो गई। हादसे में उनके पिता संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको राहगीरों ने नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। राहुल की शिकायत पर राई थाना पुलिस ने हाइड्रा चालक उत्तर प्रदेश के शहजादपुर स्थित रायपुर निवासी चेतन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।
हादसे के बाद राई के सामने दिल्ली-पानीपत लेन पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मशक्कत के बाद वाहनों को निकाला। इस दौरान वाहनों को संपर्क मार्ग से गुजारा गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम की स्थिति को सामान्य किया गया।