सोनीपत में कुंडली-पलवल-मानेसर (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर गांव बढ़मलिक के पास पंचर हुई बस का टायर बदलते समय ट्रक की टक्कर से 15 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी पंचर टायर बदलने के दौरान बस के आगे खड़े थे। ट्रक की टक्कर से सभी बस की चपेट में आ गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से छह को ज्यादा चोट होने के चलते महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर किया गया है। राई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी ललित ने बताया कि वह शनिवार रात को करीब दस बजे उत्तर प्रदेश के मेरठ से राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। जब बस केएमपी के जीरो प्वाइंट से आगे खरखौदा की तरफ चली तो गांव बढ़मलिक के पास अचानक बस के आगे का बाएं तरफ का पहिया पंचर हो गया। जिस पर चालक ने बस को एक तरफ रोक दिया। इसके बाद जैक लगाकर चालक टायर बदलने लगा। इस दौरान करीब 15-20 श्रद्धालु नीचे उतरकर बस के आगे रोशनी में खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बस आगे खड़े श्रद्धालुओं से टकरा गई।
हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए। मामले की सूचना राई थाना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया। जहां पर उन्हें उपचार दिया गया। अस्पताल में उपचार देने के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी सोमबीर, मेरठ के गांव गढ़ी झांझड़ निवासी संजीत, मेरठ के शेखपुरा निवासी मनीष, मेरठ निवासी सत्यम गुप्ता व ओमप्रकाश तथा सुरेंद्र गुप्ता को खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। गाजियाबाद के लोहामंडी निवासी अशोक को नागरिक अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। वहीं मेरठ निवासी राजा, ललित व विकेश को हल्की चोट ली है। हादसे में तीन-चार बच्चे भी चोटिल हुए है। जिन्हें परिजन प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ ले गए। राई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोडक़र भाग गया।