सोनीपत। 43वीं सीनियर राष्ट्रीय नेटबाल चैंपियनशिप के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इससे पहले 19वीं हरियाणा सीनियर स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप (पुरुष-महिला वर्ग) का आयोजन 26 से 28 दिसंबर तक राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में किया जाएगा। इस चैंपियनशिप में सभी जिलों की टीमें भाग लेंगी। सभी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 3 दिसंबर को शाम 4 बजे खिलाड़ियों का ट्रायल लिया जाएगा।
हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन की महासचिव बबीता दहिया ने बताया कि खिलाड़ियाें के ट्रायल के लिए जिला अनुसार जगह चयनित की गई है। सोनीपत में खिलाड़ियाें का ट्रायल राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में नोडल अधिकारी शबनम के नेतृत्व में लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रायल के समय खिलाड़ियों को नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (2025-26) की पंजीकरण स्लिप व आधार कार्ड की मूल प्रति व फोटो कॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि सीनियर स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप की विजेता टीमों को 43वीं सीनियर राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने का मौका मिलेगा।
चैंपियनशिप 11 से 14 जनवरी 2026 तक तेलंगाना के हैदराबाद स्थित जीएमसी बालयोगी इनडोर स्टेडियम गाचीबोवली में आयोजित की जाएगी। संवाद