भारतीय पैरा कबड्डी एसोसिएशन की तरफ से राष्ट्रीय खेलों का आयोजन कराया जाएगा, जिसके लिए प्रदेश की टीम का ट्रायल 24 नवंबर को गांव लाठ में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल के बाद प्रदेश की टीम के लिए 12 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
आयोजक भीम अवाॅर्डी राजेश कुमार ने बताया कि 24 नवंबर को होने वाली ट्रायल प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एक दिवसीय ट्रायल में खिलाड़ियों की प्रतिभा के आधार पर उनका चयन प्रदेश टीम में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पैरा कबड्डी प्रतियोगिता 28 से 30 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के नोएडा में आयोजित कराई जाएगी, जिसमें विजेता टीम को 61 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 41 हजार व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय पैरा कबड्डी एसोसिएशन की अध्यक्ष देविका मलिक व सचिव कुलदीप खोखरी ने बताया कि ट्रायल के बाद चयनित प्रदेश की टीम का करीब एक माह तक गांव लाठ में ही प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पैरा कबड्डी को आगे बढ़ाना है।