फोटो 15: सोनीपत के गन्नौर में सड़क के बीचों बीच बिजली के तारों से होकर गुजर रही पेड़ों की शाखाएं।
गन्नौर। पेड़ों की छंटाई की समस्या का निवारण नहीं होने पर वार्ड 15 की पार्षद शिवानी जैन ने तीसरी बार समाधान शिविर में शिकायत देकर एसडीएम से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि दो बार समाधान शिविर में शिकायत दे चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है जिससे लोग परेशान हैं।
पार्षद पति गौरव जैन ने एसडीएम प्रवेश कादियान को बताया कि पुरानी मार्केट कमेटी सड़क पर पेड़ की डालियां आने से वाहन चालक परेशान हैं। वहां सड़क पर अंधेरा छाया रहता है। सर्दी में उक्त पेड़ों की कटाई होनी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न ही।
पेड़ों की शाखाएं तारों पर लिपट चुकी हैं। ऐसे में पेड़ों में करंट आने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने उनसे पेड़ों की छंटाई करवाने की मांग की थी तो उन्होंने समाधान शिविर शिकायतें दी लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
गौरव जैन ने बताया कि पुराने मार्केट कमेटी के बंद पड़े भवन के पास पेड़ों के कारण असामाजिक तत्व उसका फायदा उठाते हुए खुले में शराब पीते हैं। इससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि उनके वार्ड की समस्या का तुरंत समाधान करवाया जाए अन्यथा जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में राज्य मंत्री गौरव गौतम के समक्ष अपने वार्ड की समस्या के समाधान की मांग उठाएंगे।