सोनीपत-खरखौदा। लोक निर्माण विभाग की ओर से खरखौदा की नौ सड़कों का जल्द पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। पंचकूला भेजी गई इन सड़कों की सूची को मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। विभाग ने 15 दिन के अंदर सड़कों के पुनर्निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
इन सड़कों के सुधार पर करीब 13.79 करोड रुपये खर्च किए जाएंगे जबकि इसी बजट में शामिल 10वें खरखौदा-मटिंडू वाया मोरखेड़ी रोड का 10 दिन पहले पुनर्निर्माण शुरू हो गया है।
विभाग ने नवंबर 2024 में खरखौदा की 10 सड़कों के पुनर्निर्माण का बजट और सूची तैयार कर मुख्यालय भेजी थी। इनमें से खरखौदा से मटिंडू वाया मोरखेड़ी रोड को मुख्यालय से जून में ही मंजूरी दे दी थी जबकि नौ सड़कों की मंजूरी का इंतजार था। अब सात माह बाद इन सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए हरी झंडी मिली गई है।
खरखौदा में विधायक कोटे के तहत दूसरे चरण में करीब 13.79 करोड़ रुपये से दस सड़कों का सुधार करवाया जाना है। मंजूरी मिलने के बाद विभाग 15 दिन के अंदर सभी सड़कों के पुनर्निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा है।
20 गांवों के लोगों की सुगम होगी राह
खरखौदा की 10 सड़कों का पुनर्निर्माण होने से क्षेत्र के करीब 20 गांवों की जनता और वाहन चालकों का आवागमन सुगम होगा। इनमें गांव फरमाना, हसनगढ़, नकलोई, बिधलान, सलीमसर माजरा, सिसाना, रिढ़ाऊ, फरमाना माजरा, भैंसवाल, गोरड़, पाई किड़ोली, सिलाना, मौजमनगर, छिनौली, मटिंडू, मोरखेड़ी, झरोठी, सिसाना, गढ़ी सिसाना शामिल हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि खस्ताहाल सड़कों पर गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीण कई बार अधिकारियों को शिकायत कर सड़कों पर गड्ढों का समाधान करवाने की गुहार लगा चुके हैं। अब उन्हें आस है कि अधिकारी जल्द टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर सड़कों का पुनर्निर्माण करवाएंगे।
इन सड़कों की सुधरेगी हालात
सड़क का नाम लंबाई (किमी)
खुर्मपुर से सोहटी वाया पाई किड़ौली 6.95
सिसाना-हसनगढ़ रोड 8.80
निजामपुर रोड 1.45
गांव झरोठी रोड 1.85
नकलोई से बिधलान-सलीमसर माजरा रोड 1.82
सोहटी-कुतबगढ़ से दिल्ली बॉर्डर रोड 0.54
नाहरा वाल्मीकि चौपाल से हलालपुर 0.76
गढ़ी सिसाना से सिसाना समचाना रोड 2.10
गोहाना-सिसाना रोड 28.60
वर्जन
लोक निर्माण विभाग ने खरखौदा की 10 सड़कों के पुनर्निर्माण की सूची को मुख्यालय भेजा था। इनमें से एक सड़क को पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी जिस पर काम चल रहा है। अब मुख्यालय ने शेष नौ सड़कों पर कार्य करवाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। विभाग 15 दिन के अंदर टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा ताकि जल्द पुनर्निर्माण शुरू करवाया जा सके। -प्रशांत कौशिक, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।
फोटो 10- सोनीपत के खरखौदा में खस्ताहाल दिल्ली-औचंडी रोड पर गड्ढों से बचकर निकलती कार। संवाद