सोनीपत। गांव पलड़ा निवासी ट्रांसपोर्टर कारोबारी जयबिशन के साथ घर के पास मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित के बयान पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जयबिशन ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का कार्य करते हैं। 15-16 जून की रात वह बहालगढ़ स्थित पेट्रोल पंप से अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि एक कार चालक उनका पीछा करते हुए गांव तक पहुंच गया।
जब वह घर से करीब 100 मीटर पहले अपनी कार को गांव की ओर मोड़ रहे थे तभी दूसरी कार के चालक ने उनकी कार के आगे अपनी कार लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपी ने कार की चालक साइड खिड़की खोलकर उनका गिरेबान पकड़ा व लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
आरोप है कि आरोपी ने उनकी कार की चारों खिड़कियां तोड़ दीं और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। पीड़ित का कहना है कि फटे हुए कपड़ों की जेब में 35 हजार रुपये नकद और चश्मा भी था। आरोपी कपड़े और कार की चाबी अपने वाहन में डालकर मौके से भाग गया। घायल जयबिशन को परिजन घर ले गए इसके बाद उन्होंने 16 जून को मेडिकल कराया।