कोरोना संक्रमण के कारण पैदा हुए हालातों के चलते पिछले लंबे समय से प्रभावित रोडवेज की बस सेवाएं अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटनी शुरू हो गई है। रोडवेज अधिकारी यात्रियों की संख्या के अनुसार विभिन्न मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ा रहे हैं।
बुधवार को रोडवेज डिपो से दो ग्रामीण रूटों पर बस सेवा शुरू की गई। इसमें चिटाना व शहजादपुर रूट शामिल हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने एक दिन पहले ही किलोमीटर स्कीम की 33 बसों को भी सड़क पर उतार दिया था, जिससे रोडवेज डिपो में बसों की कमी काफी हद तक दूर होगी।
कोरोना के बाद से रोडवेज बसों की कमी झेल रहा है। कोरोना संक्रमण फैलने के बाद रोडवेज ने स्वास्थ्य विभाग को 11 बसें दे दी थीं। जिसके बाद बस डिपो पर 63 बसें ही बची थीं। इनमें से भी रोजाना 5 से 7 बसें ब्रेक डाउन की वजह से खराब हो जाती थीं। सड़क पर महज 55 से 57 बसें ही चल रही थीं। इनमें से भी अधिकतर को लंबे रूटों पर भेजा रहा था। बसों की कमी के कारण न सिर्फ लंबे रूट, बल्कि ग्रामीण रूटों पर भी बस सेवाएं प्रभावित थीं। अब किलोमीटर स्कीम के तहत 33 बसें चलने से डिपो में चल रही बसों की कमी दूरी होगी, वहीं ग्रामीण रूटों पर बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिल सकेगी।
दो फेरे लगाएंगी बसें
रोडवेज अधिकारियों ने बुधवार को चटिया देवा व शहजादपुर रूट पर एक-एक बस सेवा शुरू की है। दोनों ही मार्गों पर शुरू हुईं बसें दिन में दो-दो फेरे लगाएंगी। इन रूटों पर बस सेवाएं शुरू होने से गांव किलोहड़द, चिटाना, भटाना, जाफराबाद, माहरा, सिटावनी, रमाणा, चटिया देवा और शहजादपुर, पाणची, आहुलाना, बली, गन्नौर, सरढाना, हीर माजरा, खेड़ी मोड़ के ग्रामीणों को फायदा पहुंचेगा।
सीएनजी बस सेवा शुरू
अधिकारियों ने चटिया देवा रूट पर सीएनजी बस सेवा शुरू की है। यह बस रोजाना एक चक्कर दिल्ली का लगाएगी। वहां से सीएनजी लेकर आने पर इस बस को बड़वासनी होते हुए चटिया देवा रूट पर चलाया जाएगा। इस रूट पर आने वाले आठ गांवों के ग्रामीण इस बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
वर्जन
सरकार द्वारा किलोमीटर स्कीम के तहत बसों को चलाने की मंजूरी देने के बाद अब बसों की कमी दूर होगी। यात्री संख्या को देखते हुए ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं। बुधवार को दो ग्रामीण रूटों पर बसें चलाई गई हैं। धीरे-धीरे अन्य रूटों पर भी बस सेवा बहाल की जाएगी। जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, उन पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बस यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
- कर्मबीर, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत