गोहाना। गांव बरोदा के ग्रामीण ने बेंगलुरु की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर उसका सामान घर भिजवाने के नाम पर 12500 रुपये ऐंठने व सामान भी नहीं भेजने का आरोप लगाया है। ग्रामीण ने 22 जून को सामान बुक करवाया था। सीएम विंडो पर शिकायत देकर पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव बरोदा निवासी अंकित खासा ने सीएम विंडो पर दी शिकायत में बताया कि 22 जून को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अग्रवाल कारगो मूवर्स एंड पैकर्स से अपने घर का सामान बुक करवाया था। सामान के पांच बॉक्स थे। इनमें रसोई का सामान, कपड़े, दस्तावेज, बर्तन थे। इसके साथ एक ट्रेवल बैग, एक साइकिल, एक चेयर और गमले में लगा एक पौधा था। अंकित से कंपनी ने 7500 रुपये मांगे थे। उन्होंने 3000 रुपये दे दिए थे। उन्हें कहा गया था कि एक सप्ताह में उनका सामान घर पहुंच जाएगा। 26 जून को उससे बाकी के 4500 रुपये मांगे गए। उसने उनका भी भुगतान कर दिया। 7 जुलाई को उनके पास 15 हजार 517 रुपये का अतिरिक्त बिल भेज दिया गया। 17 जुलाई को उसे समझौते के लिए बुलाया गया जहां उनसे और रुपये मांगे गए तो 5000 रुपये और दे दिए। ग्रामीण का आरोप है कि तय राशि से अधिक का भुगतान करने के बाद भी सामान नहीं दिया जा रहा है। सीएम विंडो पर शिकायत के बाद बरोदा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।