संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। त्योहारी सीजन में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानी बढ़ी है। रविवार को पांच एक्सप्रेस ट्रेनों व सवारी गाड़ियों सहित करीब दर्जनभर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब 40 मिनट से लेकर 3 घंटे तक की देरी से सोनीपत स्टेशन पहुंचीं। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-अंबाला के अप-डाउन रूट पर रविवार को भी ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रही। गाड़ियां अपनी यात्रा समय से प्रारंभ करने के बाद भी अन्य स्टेशनों पर देरी से पहुंच रही हैं। रविवार को भी दर्जन भर गाड़ियां समय पर अपनी यात्रा प्रारंभ करने के बावजूद करीब 40 मिनट से 3 घंटे तक की देरी से सोनीपत स्टेशन पर पहुंची। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर खड़े होकर ट्रेनों का इंतजार कर पड़ रहा है।
अंबाला-दिल्ली रूट की सात ट्रेनें विलंबित रहीं। इनमें 04178 पानीपत-दिल्ली पैसेंजर 2:52 घंटे, 04452 कुरुक्षेत्र-दिल्ली पैसेंजर 1:59 घंटे, 04406 कुरुक्षेत्र-हजरत निजामुद्दीन पैसेंजर 1:07 घंटे, 14034 जम्मू मेल एक्सप्रेस 40 मिनट, 12312 नेताजी एक्सप्रेस 1 घंटा, 04450 पानीपत-दिल्ली पैसेंजर 58 मिनट, 04472 पानीपत-गाजियाबाद पैसेंजर ट्रेन 40 मिनट विलंबित रहीं।
इसी प्रकार दिल्ली-अंबाला रूट की चार गाड़ियां प्रभावित रहीं। 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस 2:07 घंटे, 04449 दिल्ली-कुरुक्षेत्र पैसेंजर 1:17 घंटे, 12919 मालवा एक्सप्रेस 46 मिनट और 14507 बठिंडा एक्सप्रेस 45 मिनट विलंबित रही।
वर्जन
रेलवे की ओर से ट्रेनाें की समय सारणी में सुधार किया जा रहा है। ट्रेनों का समय पर परिचालन किया जा रहा है। कई बार एक्सप्रेस ट्रेनों को निकालने के लिए सवारी गाड़ियों को छोटे स्टेशनों पर रोकना पड़ता है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।-हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।