गोहाना रेलवे स्टेशन से जुड़ी लाईनों की बढ़ेगी रफ्तार। स्रोत : संवाद
गोहाना। गोहाना जंक्शन से जुड़ी रेलवे लाइनों पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। जींद–सोनीपत और पानीपत–रोहतक रूट पर अभी ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रतिघंटा है। अब इसे बढ़ाकर 100 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटा करने की योजना है।
इन रूटों पर दिनभर में करीब 8 ट्रेनें गुजरती हैं। रोजाना 1200 से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। गोहाना स्टेशन इस पूरे रूट का अहम पड़ाव है। यहां से कई प्रमुख शहरों के लिए यात्री आवाजाही करते हैं। रेलवे की इस योजना से यात्रियों का समय बचेगा।
स्पीड बढ़ने से जहां समय की बचत होगी वहीं सफर भी पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और सुगम बनेगा। हालांकि, अधिकारियों का साफ कहना है कि बिना सुरक्षा मानकों को पूरा किए ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाना संभव नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैक की मजबूती, सिग्नल सिस्टम में सुधार और लेवल क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों पर तेजी से काम किया जा रहा है।
इन सभी कार्यों के पूरा होने के बाद ट्रायल किया जाएगा और उसके आधार पर ही ट्रेनों की नई स्पीड लागू की जाएगी। उम्मीद है कि आने वाले समय में गोहाना जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनें पहले से कहीं ज्यादा तेज रफ्तार में दौड़ती नजर आएंगी।