सोनीपत/गोहाना। जिला मुख्यालय और दूसरे प्रमुख शहर गोहाना में वाहन चालकों को आए दिन जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। वजह है हाईटेक ट्रैफिक सिग्नल का बंद होना। इस कारण प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात संचालन की जिम्मेदारी पूरी तरह यातायात पुलिस के भरोसे है। चौक-चौराहों पर यातायात को व्यवस्थित करने में यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। हालांकि प्रशासन ने इन्हें दुरुस्त करवाने के लिए जल्द ही टेंडर लगाने की बात कही है। अब देखना यह होगा कि आखिर इस समस्या पर कब तक जीत हासिल हो पाएगी।
सोनीपत नगर निगम ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर ऑनलाइन कंट्रोल होने वाले ट्रैफिक सिग्नल लगवाए थे। अधिकारियों का दावा था कि हाईटेक ट्रैफिक सिग्नल लगने से शहर में जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा। साथ ही हादसों का भी खतरा नहीं रहेगा। शहर में अब ट्रैफिक लाइट बंद पड़ी हैं।
ट्रैफिक सिग्नलों की यह है स्थिति
शहर के ककरोई चौक, गुरुद्वारा कट, सीआईए चौक, ताऊ देवीलाल चौक, महाराणा प्रताप चौक, ट्रक यूनियन बाईपास, आईटीआई चौक व कालूपुर चुंगी पर लगी ट्रैफिक लाइटें खराब पड़ी हैं। ट्रैफिक सिग्नल खराब होने के कारण यातायात पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं अतिरिक्त पुलिस कर्मचारियों की भी जरूरत पड़ती है।
जीटी रोड की लाइट भी पड़ी है बंद
नेशनल हाईवे के बहालगढ़ चौक पर भी ट्रैफिक लाइट लगाई थी। हाईवे पर यातायात को नियंत्रित करने व हादसों को रोकने के लिए लगाई लाइट अब बंद पड़ी है।
गोहाना के चौराहे भी दिशाहीन, छोटूराम चौक पर तो एक महीने से टूटा पड़ा है पोल
गोहाना की बात करें तो सेक्टर-7 मोड़, छोटूराम चौक और परशुराम चौक पर लंबे समय से यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल शोपीस बने हुए हैं। छोटूराम चौक पर एक महीने पहले कोई वाहन चालक ट्रैफिक सिग्नल को तोड़कर चला गया। हालांकि इस पर नगर प्रशासन का कोई ध्यान ही नहीं है।
सिग्नल काम नहीं करने से वाहन चालक जल्दबाजी में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में आमने-सामने आ जाते हैं इससे जाम लगना आम बात हो गई है। सुबह और स्कूल, कॉलेज की छुट्टी के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं। यातायात पुलिसकर्मियों को घंटों धूप में खड़े होकर व्यवस्था संभालनी पड़ती है, फिर भी अव्यवस्था बनी रहती है।
लोगों की मांग, ध्यान दिया जाए
गोहाना में ट्रैफिक लाइट केवल शो पीस बनकर रह गई है। जब जाम लगता है तब लाइट काम नहीं करती, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को तुरंत इसे दुरुस्त करना चाहिए।
- अनुज
शहर के मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक लाइट बंद रहने से बाजार में आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत होती है। इससे समय की बर्बादी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन को इसकी नियमित जांच करनी चाहिए।
- संदीप
ट्रैफिक लाइट का सही संचालन सड़क सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। गोहाना में लाइटें बंद रहना सिस्टम की लापरवाही दर्शाता है। संबंधित विभाग को जिम्मेदारी तय कर जल्द समाधान निकालना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
- कर्मबीर जिंदल
-
शहर की ट्रैफिक लाइटों को दुरुस्त करने को लेकर टेंडर निकालने की तैयारी की जा रही है। प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही टेंडर निकाल दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी लाइटों को ठीक करा दिया जाएगा।
- अजय निराला, कार्यकारी अभियंता, सोनीपत नगर निगम
गोहाना के जींद रोड स्थित छोटूराम चौक पर टूटा पड़ा ट्रैफिक सिग्नल पोल। संवाद
गोहाना के जींद रोड स्थित छोटूराम चौक पर टूटा पड़ा ट्रैफिक सिग्नल पोल। संवाद
गोहाना के जींद रोड स्थित छोटूराम चौक पर टूटा पड़ा ट्रैफिक सिग्नल पोल। संवाद
गोहाना के जींद रोड स्थित छोटूराम चौक पर टूटा पड़ा ट्रैफिक सिग्नल पोल। संवाद