गन्नौर। त्योहारी सीजन में शहर को अतिक्रमण और जाम से मुक्त कराने के लिए प्रशासन और व्यापारियों ने मिलकर तैयारी शुरू की है। विधायक देवेंद्र कादियान और एसीपी ऋषिकांत ने व्यापारी भाईचारा एकता समिति के प्रधान बिल्लू सैनी की दुकान पर व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें विधायक ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में व्यापारियों से साथ देने की अपील की।
विधायक कादियान ने कहा कि अव्यवस्थित ट्रैफिक और अतिक्रमण के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने व्यापारियों और रेहड़ी चालकों से शहर को व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की जायज समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका समाधान किया जाएगा।
विधायक ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे त्योहारी सीजन में बाजारों में सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाएं ताकि लोग बिना किसी डर के खरीदारी कर सकें।
बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि अब सड़क किनारे बनी पीली पट्टी के बाहर न तो कोई रेहड़ी लगाएगा और न ही दुकानदार सामान रखेंगे। एसीपी ऋषिकांत ने कहा कि इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों ने त्योहारों का हवाला देेते हुए एक महीने की मोहलत मांगी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने छूट देने से साफ इंकार कर दिया।
बैठक में थाना प्रभारी धीरज कुमार, बिल्लू सैनी, नंदलाल छाबड़ा, नविंद्र मुंजाल, अंकित मल्होत्रा, हरीश मदान, प्रवीन कामरा, तरुण चुद्य, जतिन, रिंकू, राकेश गर्ग, सुरेंद्र जाग्या, प्रवेश मदान सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
गलत पार्किंग पर घर बैठे आएगा चालान
ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। शहर के अंदर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। इसके लिए जल्द ही नमस्ते चौक पर पुलिस नाका लगाया जाएगा। पुलिस ने कहा कि बाजार में सड़क पर गलत तरीके से खड़े वाहनों का ऑनलाइन चालान किया जाएगा। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे बाजार आने पर अपने वाहन रेलवे पार्किंग में खड़े करें, अन्यथा चालान का मैसेज घर बैठे आएगा।