मुरथल विवि में अधिकारियों की बैठक लेते सांसद रमेश कौशिक, साथ में विधायक निर्मल चौधरी। संवाद
- फोटो : Sonipat
विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। अधिकारी डी-प्लान से संबंधित सभी कार्यों को एक सप्ताह में शुरू करवाएं, ताकि उनको समय पर पूरा किया जा सके। यह निर्देश सांसद रमेश कौशिक ने शनिवार को मुरथल विवि में जिला विकास समन्वयन एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में दी। उनके साथ विधायक निर्मल चौधरी भी मौजूद रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि कोहरे का समय आ रहा है, इसलिए सड़कों पर सफेद पट्टी व रिफ्लेक्टर लगवाएं, ताकि धुंध के समय दुर्घटनाओं से बचा जा सके। मुरथल रोड के बचे हुए कार्य को जल्द पूरा करवाएं। सांसद ने कहा कि शहर में कबीरपुर रोड निर्माण पूूरा हो चुका है। लेकिन कई जगह सड़क के बीच खंभे लगे हुए हैं। बिजली निगम के अधिकारी कबीरपुर रोड पर जाकर खंभे को हटवाएं, ताकि हादसों को रोका जा सके। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ड्रेनों में कूड़ा डालने वालों को नोटिस दें और उनके खिलाफ कार्रवाई करें। ड्रेनों की सफाई का कार्य निरंतर करवाएं। उन्होेंने कहा कि कई गांवों में लोगों द्वारा ड्रेनों में कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे ड्रेन ब्लॉक होने से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। पानी खेतों में भरता है, जिससे समस्या उत्पन्न होती है।
सांसद ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र राई में पानी की निकासी की समस्या रहती है। एचएसआईआईडीसी के अधिकारी पानी की निकासी के लिए कोई प्लान बनाएं, ताकि तुरंत इस कार्य को शुरू किया जा सके। सड़कों पर सीवर के मैनहोल के ढक्कन ऊपर हैं, इसलिए नगर निगम के अधिकारी तुरंत इन्हें हटवाएं। कालूपुर चुंगी और इससे आगे रोहतक रोड आरओबी पर पानी निकासी की योजना नगर निगम बनाए। उन्होंने कहा कि मीटिंग में सभी विभागों के उच्च अधिकारी स्वयं बैठक में हिस्सा लें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत विकास कार्य जल्द करें पूर्ण
सांसद ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को पूर्ण गंभीरता के साथ लिया जाए। मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत किए जाने वाले विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करें। कोई भी कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट भी तलब की। साथ ही उन्होंने परिवार पहचान पत्र को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस पर डीसी ललित सिवाच ने भरोसा दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय में पूरे करवाए जाएंगे।