कुंडली। गांव नांगल कलां में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर मंगलवार को एक महिला ने जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, यहां उपचार के दौरान वीरवार को उसकी मौत हो गई। महिला के भाई के बयान पर पुलिस ने मृतका के पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव धतूरी निवासी आनंद ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उसकी बहन ललिता की शादी 11 साल पहले नांगल कलां निवासी अरुण के साथ हुई थी। अरुण नशा करने का आदी है। वह अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। इस दौरान अरुण की मां संतोष भी मदद करती थी। प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया, तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आनंद के बयान पर ललिता के पति अरुण व सास संतोष के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो बच्चों से उठा मां का साया : आनंद ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा तारुष 9 साल का है जबकि छोटा आशु सात साल का है। दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
जहर खाने से महिला की मौत हो गई। उसके भाई ने महिला के पति व सास पर आत्महत्या को विवश करने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। - रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली