खरखौदा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक पवन खरखौदा के कार्यालय से शुरू हुई इस यात्रा में लोग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए आंबेडकर चौक पर पहुंचे।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। आंबेडकर चौक पहुंचने के बाद विधायक सहित अन्य लोगों ने डाॅ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर विधायक पवन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और देश की एकता व अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी को देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।