फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: तीन पार्षदों ने भ्रष्टाचार के आरोप लगा अधिकारियों को घेरा, कार्रवाई कराने की चेतावनी

Sat, 17 Feb 2024 10:23 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 10. सोनीपत के अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित डीआरडीए हॉल में बैठक के दौरान मेयर नि
विज्ञापन
सोनीपत। बजट बैठक शुरू होते ही तीन पार्षदों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ सवाल उठाने शुरू कर दिए। इन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर अधिकारियों को घेरना शुरू कर दिया। आरोप था कि वार्ड नंबर 15, 16 और 17 में काम कराने को लेकर महज आश्वासन ही मिल रहे हैं। पार्षदों ने अधिकारियों के खिलाफ सरकार को शिकायत देकर कार्रवाई कराने की चेतावनी तक दे डाली। इनमें से दो पार्षद निगमायुक्त के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी लेकर आए, लेकिन उनके समर्थन में कोई भी साथी नहीं आया।
विज्ञापन

अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित डीआरडीए हॉल में शनिवार को नगर निगम के बजट को लेकर बैठक हुई। इसमें पार्षदों ने हंगामे के बीच वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 550 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया। वित्तीय वर्ष 2023-24 के 516 करोड़ रुपये के मुकाबले इस बार बजट 34 करोड़ रुपये बढ़ाये गए हैं। वार्ड नंबर 15 के पार्षद अतुल जैन ने कहा कि निगम की ओर से विकास कार्य में खानापूरी की जाती है। मिशन चौक से ओल्ड रोहतक रोड पर स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए तीन माह से अधिकारियों से कह रहे हैं। मिशन चौक पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण पिछले दिनों चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को चुकी है। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
वार्ड नंबर 17 के पार्षद नवीन तंवर ने कहा कि तत्कालीन निगमायुक्त मोनिका गुप्ता के समय जिन कामों को स्वीकृति मिली थी, उन कामों के लिए आज तक कोई टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। मैनहोल बनवाने के लिए वह तीन बार वार्डवासियों को साथ लेकर कार्यकारी अभियंता से मिल चुके हैं, लेकिन उन्होंने वार्ड की समस्या को दुरुस्त कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। वार्ड नंबर 16 से पार्षद मोनिका नागर ने कहा कि दहिया कॉलोनी में गली बनाने के लिए कई बार अधिकारियों को शिकायत दे चुकी हैं। अधिकारियों ने पहले उन्हें उस कॉलोनी के लोगों के सामने गली को अवैध बताया और कुछ समय बाद अधिकारियों ने उसी गली को बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी। इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी। विकास कार्य के लिए उनके वार्ड को अनदेखा किया जा रहा है। सदन में पार्षद मोनिका नगर व अतुल जैन ने निंदा प्रस्ताव लेकर आए, लेकिन समर्थन में कोई पार्षद आगे नहीं आया।
विज्ञापन


सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर 94.95 करोड़ का बजट पास करते समय डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत ने सफाई के मुद्दे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शौचालयों की व्यवस्था को नहीं सुधारा जा रहा है। कूड़ा उठान में देरी होती है। अधिकारियों की अनदेखी के कारण इस बार शहर की स्वच्छता रैंकिंग सबसे ज्यादा खराब आई है। वहीं पार्षद अतुल जैन ने कहा कि पिछली बैठक में सफाई एजेंसी के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई की अनुशंसा सरकार के पास नहीं भेजी। ऐसे में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही गोशाला में गोवंशों की मौत मामले में आज तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने दोनों मामलों में उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग भी की। इस पर मेयर निखिल मदान ने उप निगम आयुक्त हरदीप सिंह को एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखने को कहा।
निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर ने वार्ड नंबर 2 में सफाई और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया। कहा कि सभी वार्डों में सरकारी के साथ प्राइवेट एजेंसी के कर्मचारियों को लगाया जाए। साथ ही बस अड्डे पर लगातार भर रहे दूषित पानी का मुद्दा उठाया तो निगमायुक्त की ओर से एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्ट्रीट लाइट के मुद्दे पर निगमायुक्त ने बताया कि सबसे पहले बाजारों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और कॉलोनियों में ब्लैक प्वाइंट पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए है। पार्षद प्रतिनिधि महेश लूथरा ने लगातार बढ़ रही कुत्तों की संख्या पर सवाल उठाए। निगम पार्षद इंदु वलेचा ने कहा कि व्यावसायिक संस्थानों की ओर से गंदगी फैलाई जा रही है। इस पर निगमायुक्त ने सफाई निरीक्षक सुंदर मलिक को सीलिंग के निर्देश दिए।


बैठक में लिए गए निर्णय
- वार्ड वाइज गली की मरम्मत, सीवर और पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए 2-2 लाख रुपये के टेंडर लगाए जाएंगे
- वार्ड नंबर 15, 16 व 17 में सभी निगम अधिकारी मौके पर जाकर विकास कार्यों के लिए सूची तैयार करेंगे
- घरों में पानी की आपूर्ति के लिए गर्मी से पहले सभी टैंकों की सफाई कराई जाएगी।
- 18.50 लाख रुपये से कच्चे क्वार्टर मार्केट में पब्लिक शौचालय बनाए जाएंगे
- 15 मार्च तक शहर में चार हजार लाइटें लगा दी जाएगी
- पानी की आपूर्ति के लिए बूस्टिंग स्टेशनों पर रखने को निगम जनरेटर की खरीद करेगा।
- जिन स्थानों पर सीसीटीवी की जरूरत, वहां का सर्वे कराकर खरीद की जाएगी
वर्जन
वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 550 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया है। बैठक के दौरान जो निर्णय लिए गए है, उनको पूरा किया जाएगा।- निखिल मदान, मेयर, नगर निगम

वित्तीय वर्ष 2023-2024 से बचा हुआ 299 करोड़ 50 लाख का बजट अगले वित्तीय वर्ष 2024-2025 के बजट में जुड़ेगा। अनुमानित आय 609 करोड़ 50 लाख होगी। शहर का विकास तेजी से कराया जाएगा।- विश्राम मीणा, आयुक्त नगर निगम
विज्ञापन

फोटो 10. सोनीपत के अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित डीआरडीए हॉल में बैठक के दौरान मेयर नि

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें