मुरथल । हाईवे पर मुरथल स्थित एक ढाबे के पास से पुलिस ने संरक्षित वन्य जीव दोमुंहा सांप (रेड सेंड बो) की तस्करी करने उत्तराखंड हरिद्वार से आए तीन तस्करों को काबू किया है। महिला समेत तीनों तस्कर कार में सवार होकर आए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
मुरथल थाना में नियुक्त एसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि जीटी रोड स्थित ढाबे पर उत्तराखंड नंबर की एक आल्टो कार में दोमुंही सांप को तस्करी के लिए लाया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। कार के अंदर से बैग में मिट्टी से लिपटा दोमुंही सांप मिला। आरोपियों ने अपनी पहचान यूके हरिद्वार स्थित सिकरोडा निवासी शोएब, हरिद्वार के रायपुर निवासी विजय कुमार व हनुमानगढ़ी कनखल निवासी प्रियंका के रूप में दी। जिस पर वन्य प्राणी संरंक्षण अधिकारी प्रवीण कुमार को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि दोमुंही सांप सहित कई वन्य जीवों की तस्करी विदेशों में की जाती है। दोमुंही सांप वन्य संरक्षण जीव की श्रेणी में है। विदेशों में भी इसकी तस्करी होती है। इसका वैज्ञानिक नाम रेड सेंड बो है। पुलिस ने मामले में वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत धारा 9, 39 व 51, 420, 120बी, 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुरथल थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।