संवाद न्यूज एजेंसी
राई (सोनीपत) । कुंडली थाना पुलिस ने कैंटर चालक को चाकू दिखाकर नकदी व मोबाइल लूटने के मामले में तीन और आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपियों की पहचान गोहाना निवासी जतिन, भिवानी के राजीव कॉलोनी फिलहाल चोपड़ा कॉलोनी गोहाना निवासी अजय और गांव राठधना फिलहाल चोपड़ा कॉलोनी गोहाना निवासी सोमबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
करनाल जिले के गांव रांवर निवासी रवि ने 4 जुलाई को शिकायत दी थी कि वह करनाल निवासी अनिल के कैंटर पर चालक है। 3 जुलाई को देर रात वह व क्लीनर विकास कैंटर लेकर गांव बारोटा स्थित फैक्टरी में सामान लेने आ रहे थे। वह जब फैक्टरी की तरफ मुड़े तो उनके कैंटर के आगे स्कॉर्पियो गाड़ी अड़ा दी थी। आरोपियों ने चाकू के बल पर 1.10 लाख रुपये व विकास का मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने तीन आरोपी पहले पकड़े थे। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जतिन, अजय व सोमबीर को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया है।