गोहाना। एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुक्रवार को गोहाना सिटी थाने के एसआई को डेढ़ लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने बैंक फ्रॉड मामले में गिरफ्तार युवक के परिवार को फंसाने का डर दिखा तीन लाख की घूस मांगी थी। रोहतक से आई एसीबी की टीम आरोपी पुलिस वाले को गिरफ्तार करके ले गई।
पुलिस के अनुसार पवन सैनी ने सेक्टर-7 में पीएनएल बैंक के नाम से एक फर्जी संस्था बना रखी थी। उसने कम समय में पैसे डबल करने का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा करवाए। कई लोगों ने बताया कि जब उनकी एफडी पूरी होने का समय आया तो पवन बैंक काे ताला लगाकर भाग गया। ठगी के शिकार लोगों ने गोहाना के थाना सिटी में लिखित शिकायत दी।
विज्ञापन
इस पर कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर, 2025 को पुलिस ने पवन सैनी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की जांच गोहाना सिटी थाने के एसआई जीत सिंह के पास थी। पवन के बड़े भाई के साले राजेश ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी कि एएसआई जीत सिंह ने पूरे परिवार को बैंक फ्रॉड केस में फंसाने का भय दिखाकर जेल भेजने की धमकी दी।
राजेश के अनुसार इसके बदले जीत सिंह ने परिवार से 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। उसने साफ कहा कि अगर पैसों का इंतजाम नहीं हुआ तो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राजेश की इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ट्रैप लगाकर जीत सिंह को रिश्वत के डेढ़ लाख रुपये पकड़ते ही धर दबोचा। टीम शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश करेगी।