गांव भठगांव में हुए नीटू हत्याकांड में गवाह चचेरे भाई को दो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी उच्च न्यायालय से जमानत पर आए हुए हैं। युवक के पिता के बयान पर सदर थाना पुलिस ने धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भठगांव के रहने वाले भूप सिंह ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उसका बेटा मनोज उर्फ मोनू मंगलवार रात को अपनी गाड़ी लेकर गांव में आया था। वह उसकी गाड़ी को गली में साइड में लगवाने बाहर आ गया। गाड़ी को साइड में लगाने के बाद उसका बेटा कुछ दूर लघुशंका के लिए चला गया। वहां पहले से ही उनके गांव का राजा खड़ा था। राजा उसके भतीजे सत्यवान उर्फ नीटू की हत्या में आरोपी है और फिलहाल उच्च न्यायालय से जमानत पर आया है। नीटू की हत्या में उसका बेटा मनोज गवाह है। आरोपी राजा ने मनोज को धमकी दी कि तू बचा हुआ है। तेरे को टाइम टेक कर मारेंगे। जिस पर उसके बेटे ने उसे अवगत कराया। उसके बाद वह अपने बेटे के साथ उनके घर पर शिकायत करने गए तो उन्होंने सुना की राजा किसी से बात कर रहा था कि उसे जल्द मारना है। उसके बाद उसने उन्हें देखकर फोन उसके बेटे को दे दिया। साथ ही कहा कि बिजेंद्र से बात कर लो। बिजेंद्र भी उसके भतीजे की हत्या में आरोपी है। बिजेंद्र ने उसके बेटे को फोन पर कहा कि तेरा भी मरने का समय आ गया है। जिस पर उन्होंने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नीटू की वर्ष 2009 में हुई थी हत्या
गांव भठगांव के नीटू उर्फ सत्यवान की दिसंबर, 2009 में अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सीआईए-2 की टीम ने सितंबर, 2020 में 25000 रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के गांव पुरबालियान के देवेंद्र को गिरफ्तार किया था। उसे 11 साल बाद पकड़ा गया था। देवेंद्र गुरुग्राम के तिहरे हत्याकांड में भी आरोपी रहा है।