मुरथल रोड स्थित श्रेष्ठ विहार में सेनेटरी के शोरूम में घुसकर चोर नकदी व सामान चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। चोर एक सीसीटीवी की डीवीआर चोरी करके ले गए, लेकिन वहीं लगे दूसरे डीवीआर नहीं ले गए। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुरथल रोड स्थित श्रेष्ठ विहार निवासी जोगेंद्र सिंह ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने घर के बाहर भारत सेनेटरी इलेक्ट्रिक शोरूम बना रखा है। शोरूम में वह सेनेटरी और इलेक्ट्रिक सामान की बिक्री व स्थानीय दुकानदारों को सप्लाई करते हैं। वह 30 अगस्त को शोरूम को बंद कर गए थे। 31 अगस्त की सुबह शोरूम पर पहुंचे तो वहा सामान बिखरा पड़ा था। शोरूम में जाकर देखा तो पिछले हिस्से में चोरी की गई थी। चोर एक सीसीटीवी की डीवीआर चोरी करके ले गए। दूसरे सीसीटीवी की डीवीआर में तीन युवक चोरी करते दिख रहे हैं। उन्होंने देखा तो पाया कि शोरूम के बराबर में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार पर चढ़कर चोर खिड़की में लगी रॉड उखाड़ कर अंदर प्रवेश किया। वह काफी देर तक शोरूम में रहे और तांबे व पीतल का कीमती सामान चोरी कर ले गए। वह दुकान के पिछले हिस्से में रखे गल्ले से करीब 50 हजार रुपये भी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सीसीटीवी में युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर चोरी करते दिख रहे हैं।