रोहतक रोड स्थित होम्योपैथी क्लिनिक और बैग की दुकान पर चोरी की घटना की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
गोहाना। शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार देर रात चोरों ने एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर छह दुकानों को निशाना बना लिया। वारदातें रोहतक रोड, मेन बाजार और आदर्श नगर इलाके में हुईं। बताया जा रहा है कि सभी घटनाएं रात करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच की हैं।
चोरों ने सबसे पहले दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर उन्हें निष्क्रिय करने की कोशिश की और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि इसके बावजूद कुछ संदिग्ध सीसीटीवी में कैद हो गए। रोहतक रोड स्थित तीन दुकानों में चोरी की घटना हुई।
इनमें से एक मोबाइल की दुकान से चोर करीब 10 पुराने मोबाइल फोन, मोबाइल एक्सेसरीज और लगभग 10 हजार रुपये नकद ले गए। वहीं पास की एक बैग की दुकान से करीब 500 रुपये नकद और 4-5 बैग चोरी किए गए। तीसरी दुकान जो कि होम्योपैथिक क्लीनिक है इसके ताले तोड़ने की भी कोशिश की गई लेकिन चोर वहां से कुछ ले जाने में सफल नहीं हो सके।
आदर्श नगर स्थित एक दुकान से चोर सिगरेट से भरा बड़ा बैग चोरी कर ले गए जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं मेन बाजार में भी दो दुकानों को निशाना बनाया गया। यहां एक कपड़े की दुकान से करीब 50 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। वहीं पास की एक ज्वैलरी की दुकान का भी शटर तोड़ने की कोशिश की गई लेकिन चोर वहां से चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर की चेयरपर्सन रजनी विरमानी के पति इंद्रजीत विरमानी मौके पर पहुंचे और दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रोहतक रोड स्थित होम्योपैथी क्लिनिक और बैग की दुकान पर चोरी की घटना की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।