संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव राई स्थित उप तहसील परिसर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में ग्रिल काटकर चोर घुस गया और स्ट्रांग रूम को तोड़ने की कोशिश की। सफल नहीं होने पर वह टैब, एलईडी, 28 सौ रुपये व मोबाइल चोरी कर चला गया। पुलिस ने वरिष्ठ प्रबंधक निधि के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीएनबी में सोमवार सुबह 10 बजे कर्मचारी पहुंचे तो गेट के पास स्थित खिड़की की ग्रिल कटी हुई मिली। चोर ने खिड़की के सामने प्लाईबोर्ड खड़ाकर ग्रिल को काट रखा था। चोर अंदर घुसने के बाद दो टैब, एक एलईडी, 28 सौ रुपये व एक कर्मचारी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। उसने स्ट्रांग रूम को भी तोड़ने की कोशिश की पर सफल नहीं रहा। चोर रात 1 बजकर 45 मिनट पर अंदर घुसा है और सुबह पौने चार बजे बाहर निकला है।
सीसीटीवी में दिखाई दे रहा संदिग्ध
बैंक के अंदर घुसा संदिग्ध सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है, मगर उसका चेहरा नजर नहीं आ रहा है। उसने सिर व चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ है। उसने हाथों में ग्लब्स व चेहरे पर चश्मा लगाया हुआ है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। स्ट्रांग रूम को थोड़ा नुकसान हुआ है। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
बैंक में चोरी की शिकायत मिली थी। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज ली गई है। चोर का जल्द पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। -कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, राई।