सोनीपत। पटेल नगर स्थित घर में परिवार के सोते समय चोर मोबाइल, गहने, नकदी और बाइक चोरी कर ले गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटेल नगर निवासी सुमित ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर को तड़के करीब तीन से चार बजे वह परिवार के साथ चौबारे पर सो रहे थे। चौबारे का गेट खुला हुआ था। इसी रास्ते चोर घर में दाखिल हुआ और मोबाइल चोरी करने के बाद नीचे कमरे में रखे बिना ताले वाले संदूक से उसकी मां की तीन जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की चुटकी, सोने का लॉकेट, कान की बालियां और नाक की तिल्ली निकाल ली।
आरोपी करीब 150 से 200 ग्राम का चांदी का सिक्का और 40 से 50 हजार रुपये भी ले गया। इसके बाद हॉल में रखी ड्रेसिंग टेबल से घर के मुख्य गेट और बाइक की चाबी उठाकर बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार हो गया।