संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई में वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। देश के जेन-जी खिलाड़ियों से डोपिंग से बचने और वर्ष 2036 के ओलंपिक की तैयारियों पर ध्यान देने की अपील भी की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अधिक से अधिक खेल विधाओं में अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी। उन्होंने ओलंपिक की विभिन्न स्पर्धाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कई ऐसे खेल हैं, जिनमें भारत की भागीदारी अभी सीमित है। उन्होंने कहा कि जिस खेल में हम भाग ही नहीं लेते, उसमें पदक की उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि भविष्य में कम भागीदारी वाले खेलों के खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक आयोजित होने की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए तैयारियां अभी से शुरू की जा चुकी हैं।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों से देश के खेल भविष्य को नई दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संवाद के दौरान पीएम ने डोपिंग के खतरों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को डोपिंग से होने वाले व्यक्तिगत और खेल कॅरिअर से जुड़े नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं नैतिक खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल, एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन अवार्डी सरिता मोर आदि व शिव कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए और खेल कॅरिअर को लेकर मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ भी ली। कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री का खिलाड़ियों के साथ यह संवाद युवा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है तथा इससे उन्हें देश के खेल भविष्य में अपनी भूमिका को लेकर नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।