सोनीपत। भगतपुरा स्थित बंद घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी उस समय लगी जब पीड़ित महिला घर पहुंची। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भगतपुरा निवासी ओमवती ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह 13 नवंबर को अपने घर पर ताला बंद कर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गई थी। वहां से वह वीरवार को अपने घर पहुंची। उन्होंने घर आकर देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो कमरे की कुंडी तोड़ी गई थी। बेड व अलमारी का सारा सामान नीचे पड़ा था। उन्होंने देखा तो अलमारी के अंदर से सोने के झुमके, चार अंगूठी, नौ जोड़ी चांदी की पाजेब, दो जोड़े सोने के टॉप्स, एक चेन, तीन लॉकेट और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी मिली। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि चोरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।