गोहाना। गांव छपरा में बंद घर से चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं चोरी के बाद घर में आग लगा दी। रोहतक में रहने वाला परिवार घर आया तो चोरी का पता चला। इस पर बरोदा थाना में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव छपरा निवासी सुमन ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि वह अपने पति व तीन बेटियों के साथ एक साल से रोहतक की हनुमान कॉलोनी में रहती हैं। उनकी चौथी व सबसे बड़ी बेटी अंतरा कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। दोनों गांव मेें ही अपने चाचा अनिल के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि वीरवार को उनके देवर अनिल की कॉल आई कि मकान को लेकर फॉर्म भरे जा रहे हैं। उनकी सूचना पर वह परिवार के साथ गांव पहुंची तो देखा कि ताला टूटा हुआ था। वह अंदर गई तो सामान बिखरा पड़ा था और घर में आग लगाई गई थी। उन्होंने जांच की तो सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब, हाथ फूल और पैरों की चुटकी चोरी मिली। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जांच के बाद सुमन के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।