शहर में चोर बेखौफ हैं। मंगलवार की रात इसकी बानगी शहर की इंद्रा कालोनी में देखने को मिली, जब आदर्श नगर का एक युवक चोरी करने की नियत से कैबिनेट मंत्री कविता जैन के पुराने कार्यालय में घुस गया।
बताया जाता है कि उसके साथी तो फरार हो गए, लेकिन युवक वहीं सो गया। सुबह जब कार्यालय प्रभारी राजेंद्र सिंह व दूसरे साथी कार्यालय पहुंचे तो युवक वहीं सोता मिला।
तुरंत उसे पुलिस के हवाले कर दिया। शिकायत न मिलने पर पुलिस ने उसे पूछताछ कर छोड़कर दिया।
स्थानीय विधायक कविता जैन लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं। उनका फिलहाल सेक्टर 14 में कार्यालय हैं, लेकिन पुराना कार्यालय इंद्रा कालोनी में भी चल रहा है। वहां पर राजेंद्र सिंह कार्यालय प्रभारी के तौर पर काम संभालते हैं।
सुबह जब कार्यालय प्रभारी व दूसरे साथी पहुंचे तो देखा की कार्यालय का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो एक बोरी में सामान भरा हुआ था।
नजदीक एक युवक सो रहा था। पास में अलमारी जमीन पर पड़ी हुई थी। साफ लग रहा था रात को चोरों ने अच्छी तरह से कार्यालय को खंगाला है।
युवक से पूछताछ की तो वह कुछ नहीं बोला। वह नशे में लग रहा था। तत्काल मामले की सूचना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव जैन को दी गई। इसके बाद युवक को सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पूछताछ की तो युवक ने बताया कि वह आदर्श नगर का रहने वाला है।
नहीं मिली लिखित शिकायत, पुलिस ने छोड़ा
सिविल लाइन थाना प्रभारी वीरेंद्र राव ने बताया कि युवक से पूछताछ की गई। आगे की जांच के लिए लिखित शिकायत अनिवार्य थी, लेकिन शिकायत न मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।
नशेड़ी युवक था, कोई बड़ी बात नहीं
कैबिनेट मंत्री कविता जैन के पति एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि नशेड़ी किस्म का युवक कार्यालय में घुस गया था। सुबह वहीं सोता मिला। इतनी बड़ी वारदात नहीं थी।