गोहाना-जींद रोड स्थित गांव नूरनखेड़ा के पास से गुजर रही नहर में मंगलवार सुबह एक बाइक चालक ने कैंटर की चपेट से बचने के लिए बाइक समेत छलांग लगा दी। इस घटना में बाइक चालक बाल-बाल बच गया।
बाइक चालक ने गोताखोर बुलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाइक को बाहर निकलवाया। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
बाइक चालक सोनू निवासी सलाना जिला हिसार ने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपने साथी रामा व जिलेसिंह के साथ दो बाइकों पर बालों के कट्टे भरकर गोहाना आ रहे थे। एक बाइक को वह अकेला चला रहा था। जिस पर बालों के कई कट्टे लदे हुए थे। वहीं, दूसरी बाइक पर रामा व जिलेसिंह आ रहे थे।
जब वे गांव नूरनखेड़ा से पहले गुजर रही नहर के पुल के पास पहुंचे तो गोहाना की ओर से तेज स्पीड में एक कैंटर आ रहा था। कैंटर को अपनी ओर आता देख उसने सीधे बाइक नहर में कूदा दी और खुद भी नहर में कूद गया। उसने बताया कि अगर वह नहर में नहीं कूदता तो कैंटर के नीचे आने से उसकी मौत हो सकती थी।
बाद में गोताखोर बुलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाइक को निकाला गया। घटना को अंजाम देकर कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। सोनू ने इसकी शिकायत पुलिस को देनी मुनासिफ न समझी और बाइक गोहाना चला आया।