फोटो :06: सोनीपत के गोहाना में युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद रोष जताते परिजन। स्रोत पाठक
सोनीपत। डेयरी में काम करने से मना करने पर गोहाना के गांव नगर स्थित एक युवक को दो लोगों ने गैस पाइप से इस कदर पिटाई की कि युवक बेहोश हो गया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों दोनों युवकों ने उनको जबरन शराब पिलाने की कोशिश की। मना करने पर दोनों ने जातिसूचक शब्द कहे। इस मामले में पुलिस ने एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव रोलद निवासी बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका परिचय गांव मुंडलाना निवासी जयभगवान से था। 18 अक्तूबर को जयभगवान ने उन्हें कॉल कर गोहाना बुलाया था। सोनीपत मोड़ पर जयभगवान अपने एक साथी के साथ बाइक पर खड़ा मिला था। दोनों उन्हें लेकर गांव नगर के पास बंद पड़े सर्विस स्टेशन में पहुंचे थे।
वहां पहुंचते ही दोनों ने गेट बंद कर दिया और गैस पाइप से पिटाई शुरू कर दी। बिजेंद्र के भाई मोहित ने बताया कि जयभगवान अपनी डेयरी में काम करने के लिए उनके भाई पर दबाव बना रहा था। भाई ने काम करने से मना किया तो उनकी पिटाई की गई।
बेहोश होने तक की पीटा, 9500 रुपये और दस्तावेज मिले गायब
पीड़ित बिजेंद्र के अनुसार आरोपियों ने उनके कपड़े उतरवाकर हाथ-पैरों पर खड़े होकर बुरी तरह से मारा-पीटा था। उन्हें जबरन शराब पिलाने की कोशिश की गई और मना करने पर बुरी तरह से पीटा गया। दोनों ने इतना पीटा कि वह बेहोश हो गए। होश में आने पर देखा कि वह सड़क के किनारे हैं। उनकी पैंट की जेब से मोबाइल और पर्स गायब था, जिसमें 9500 रुपये, आधार और पैन कार्ड थे। एक राहगीर ने उन्हें उनकी मौसी के घर पहुंचाया। इसके बाद उन्हें गोहाना के नागरिक अस्पताल ले जा गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीपीएस मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया और जयभगवान सहित दो आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसीपी राहुल देव को सौंपी गई है।