सोनीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से मुरथल रोड पर सेक्टर-15 पार्ट-4 में बाजार बसाने की पहल शुरू कर दी गई है। साढ़े आठ एकड़ में बाजार बसाने पर 1.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि अभी भी मार्केट के लिए चयनित करीब दो एकड़ जमीन से अवैध कब्जे नहीं हटाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जनवरी के अंत तक बाजार निर्माण के लिए जमीन को कब्जा मुक्त कर दिया जाएगा। मार्केट में सीवर, पेयजल व बारिश के पानी की निकासी का प्रबंध किया जाएगा।
लोग शहर के अंदर बसने के बजाय जीटी रोड की तरफ नया आशियाना खरीद रहे हैं। ऐसे में सोनीपत शहर व जीटी रोड पर खाली जमीन पर रिहायशी क्षेत्र का विस्तार तेजी से हाे रहा है। सेक्टर में करीब 20 साल से कोई बाजार नहीं बसाया गया है। मुरथल अड्डा रोड से सटी कॉलोनियों व सेक्टर के लोगों की सुविधा लिए मुरथल रोड पर शुभम गार्डन के सामने सेक्टर-15 पार्ट-4 के 8.5 एकड़ में एक बाजार बसाने का काम शुरू हो चुका है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से 1.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि अभी तक करीब दो एकड़ जमीन पर अवैध रूप से किए गए कब्जों को नहीं हटाया गया है। इसकी वजह से मार्केट का निर्माण कार्य धीमी गति से किया जा रहा है।
बाजार में यह होंगी सुविधाएं
सेक्टर 15 पार्ट-4 के 8.64 एकड़ में एक बेहतरीन बाजार स्थापित किया जाएगा। बाजार में 17 सिंगल स्टोरी, 28 डबल स्टोरी और 16 एससीओ (दुकान कम कार्यालय) होंगे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से लोगों को प्लॉट बेचे जाएंगे। इस पर निर्माण कार्य अलॉटियों को स्वयं कराना होगा। इसमें दुकानदार और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्लॉट बेचने से पहले ही मार्केट में सड़क का निर्माण, सीवर, पेयजल लाइन दबाई जाएगी। इसमें पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान रखा गया है। जिससे ग्राहकों को वाहन सड़क पर नहीं खड़ा करना पड़े। इसके अलावा ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ भी बनाया जाएगा। पब्लिक यूटिलिटी सर्विस प्वाइंट 1500 वर्ग मीटर स्थान होगा।
कॉलोनीवासियों को मिलेगी पार्क की सुविधा
मुरथल रोड के साथ बसी राजीव कॉलोनी, विकास नगर, जीवन विहार एक्सटेंशन, फौजी कॉलोनी के नागरिकों की लंबे अरसे से पार्क उपलब्ध कराने की मांग थी। सेक्टर 15 के खंड 4 के संशोधित लेआउट प्लान के अनुसार मुरथल रोड के साथ बनने वाली ग्रीन बेल्ट में पार्क का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि आसपास के हजारों लोगों को लाभ मिल सके।
वर्जन
मुरथल रोड पर खाली पड़ी जमीन पर मार्केट का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इस कार्य पर 1.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएगा। मार्केट के विकसित होने के बाद आसपास के लाेगाें को रोजगार मुहैया हो सकेगा।-पवन कुमार, कार्यकारी अभियंता हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।