सोनीपत स्थित कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार। स्रोत: सूचना व
सोनीपत। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि जिले में भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है जो आने वाले समय के लिए चिंता का विषय है। संबंधित अधिकारी गिरते भूजल स्तर को रोकने के लिए विशेष प्रबंध करें। उपायुक्त ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में बैठक के दौरान जल शोधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि दूषित पानी को शोधन करके इसका प्रयोग किसान खेती में भी कर सकते हैं। इससे खेती पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक रूपरेखा तैयार करें अगर कहीं पाइप लाइन बिछाने की जरूरत पड़े तो वहां पाइप लाइन बिछाकर पानी को खेतों तक पहुंचाने का प्रबंध करें। उन्होंने कृषि अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वह गांवों में किसानों को जल संरक्षण को लेकर जागरूक करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में 30 एमएलडी दूषित पानी शोधित किया जा रहा है। इस पानी को ड्रेन में डालने के बजाय 70 फीसदी प्रयोग उद्योग, कृषि व बागवानी क्षेत्र में करें। दूषित पानी शोधन कार्य में किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल शोधन प्लांट अपग्रेड करने के लिए मुख्यालय बात करें। इस दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डाॅ. पवन शर्मा, एमएसएमई से मंजीत कुमार, एचएसआईआईडीसी के अधिकारी भी मौजूद रहे।