सोनीपत। गांव खेवड़ा बाईपास पर स्थित मशरूम फार्म से एसी और चार कंप्रेशर चोरी होने पर चौकीदार उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव लिसाढ़ निवासी किरणपाल की शिकायत पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
किरणपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेवड़ा रोड स्थित मशरूम फार्म हाउस में चौकीदार हैं। उनकी ड्यूटी रात 8 से सुबह 8 बजे तक थी। रात करीब दो बजे उनको नींद आ गई। सुबह करीब पांच बजे उठे और परिसर का निरीक्षण किया तो कमरे में लगा विंडो एसी गायब मिला।
उन्होंने जांच की तो पाया कि मशरूम फार्म में लगे शीतलन संयंत्र (प्लांट) के चार कंप्रेशर भी गायब हैं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सुरक्षा प्रभारी रामबीर दहिया को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।