गांव झुंडपुर के पास लूट की वारदात की फिराक में आए बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने किसान को गोली मारकर घायल कर दिया। वहां से बदमाश भागने लगे तो ग्रामीणों ने एक को दबोच लिया। वहीं दो अन्य भागकर गांव जाजल के पास पहुंच गए। वहां भी ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। बाद में भागने के प्रयास में गिरकर घायल हुए तो लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उनके पास से दो पिस्तौल बरामद हुई है। घायल किसान के साथ ही गिरकर घायल हुए दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव झुंडपुर और जाजल के पास यमुना खादर में एक सप्ताह से ग्रामीणों के साथ झपटमारी और चोरी की वारदात हो रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि कई लोगों से झपटमारी और मारपीट हो चुकी थी। मंगलवार को तीसरे पहर कुछ ग्रामीणों ने झुंडपुर गांव के बाहर बाइक सवार तीन युवकों को घूमते देखा तो उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। वह खेतों की तरफ भागने लगे। इस बीच खेत की तरफ से आ रहे किसान रमेश (40) व महेंद्र ने युवकों का पीछा कर रहे ग्रामीणों को देखकर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। ग्रामीण से घिरता देख युवकों ने फायरिंग कर दी। उन्होंने किसान रमेश को गोली मार दी। गोली उनके कंधे के पास जा लगी। जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान बदमाश भागने लगे तो लोगों ने एक को पकड़ लिया। दो अन्य जाजल की तरफ फरार हो गए।
ग्रामीणों ने भागने वाले युवकों का पीछा शुरू कर दिया। इस दौरान गांव जाजल के लोग भी सामने आ गए। उन्होंने बदमाशों को रोका तो उन्होंने फायर कर दिया। साथ ही पिस्तौल का बट मारकर गांव जाजल के नरेश और उसके भाई उमेश को घायल कर दिया। इस दौरान भागने के दौरान आरोपी युवक भी गिरकर घायल हो गए। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को काबू कर लिया।
ग्रामीणों ने घायल रमेश, उमेश व नरेश को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से रमेश को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मूलरूप से ओडिशा फिलहाल ओल्ड डीसी रोड तारानगर निवासी दीपक और तारा नगर के पवन और सुरजीत के रूप में हुई है। इनके पास से दो पिस्तौल, बाइक और मोबाइल बरामद हुए हैं। भागने के दौरान गिरकर घायल हुए दोनों आरोपियों पवन और सुरजीत को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड तलाश रही है।
कंधे में लगकर दिल के पास घुसी गोली
किसान रमेश के कंधे में लगने के बाद गोली दिल के पास घुस गई है। उनको गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। ग्रामीण उनको एक निजी अस्पताल में ले गए हैं। वहां पर चिकित्सकों की टीम ऑपरेशन करके गोली निकाल रही है।
आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन युवकों के बारे में जानकारी मिली थी। पुलिस और झुंडपुर व जाजल के ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों की गोली लगने से एक ग्रामीण की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दो अन्य ग्रामीणों को आरोपियों ने बट मारकर घायल कर दिया है। गिरकर दो आरोपी भी घायल हुए हैं। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
विवेक कुमार मलिक, थाना प्रभारी, राई।