सोनीपत। जिले में कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीनेशन अभियान जारी है। लेकिन जिले के स्टोर में वैक्सीन खत्म हो चुकी है। जितनी वैक्सीन सेंटरों पर बची है, वह तीन दिन तक चल सकेगी। इसके बाद अगर वैक्सीन नहीं मिली तो अभियान थम सकता है। उधर, विभाग की ओर से सरकार को कोविशील्ड वैक्सीन की 50 हजार डोज की डिमांड भेज रखी है। ऐसे में सोमवार तक वैक्सीन आने की संभावना नहीं है।
जिला वैक्सीन स्टोर पर रविवार को वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया। वहीं केंद्रों पर वैक्सीन लगाने के लिए भेजी गई कोविशील्ड की 6580 डोज और कोवैक्सीन की 8810 डोज बची हैं। कुछ स्थानों पर वैक्सीन खत्म हो चुकी है, इसलिए कोविशील्ड की कुछ डोज को एक स्थान से लेकर दूसरे स्थान पर ले जाने में स्वास्थ्य कर्मचारी शाम तक जुटे रहे। रविवार को जिले में 70 से ज्यादा केंद्रों पर वैक्सीनेशन हुआ। सुबह से ही लोग वैक्सीन कराने के लिए पहुंच रहे थे। रोजाना करीब 5000 लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। ऐसे में जिले में केवल तीन दिन तक वैक्सीन लगाने का काम चल सकता है। इसके बाद अगर वैक्सीन की खेप नहीं पहुंची तो अभियान को ब्रेक लग सकता है।
10 लोगों के एकत्र होने का इंतजार
वैक्सीन की बर्बादी रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियम भी बनाया गया है। इसके तहत जब तक दस लोग एकत्र न हो, वैक्सीन की शीशी नहीं खोली जाएगी, क्योंकि शीशी खुलने के चार घंटे बाद डोज खराब हो जाती है। इसलिए कुछ केंद्रों पर दस लोगों के एकत्र होने का इंतजार किया जाता है।
कुरुक्षेत्र स्थित स्टेट वैक्सीन स्टोर से हर रविवार को जिले के लिए कोविशील्ड मिलती थी। इस बार वहां पर केंद्र सरकार से कोविशील्ड की वैक्सीन देरी से आई है। ऐसे में सरकार ने सोनीपत के लोगों के लिए मंगलवार को कोविशील्ड की वैक्सीन देने के निर्देश दिए हैं। - डॉ. नीरज यादव, जिला टीकाकरण अधिकारी सोनीपत