संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। खेलों की धरती हरियाणा में प्रतिभाओं को नई पहचान देने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय ने अनूठी डिजिटल पहल ‘300 खिलाड़ी, 300 कहानियां’ की शुरुआत करने की घोषणा की है। इस विशेष सीरीज के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने खिलाड़ियों की असली जिंदगी की कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाएगा।
कुलपति अशोक कुमार के अनुसार अभियान के तहत खिलाड़ियों की कहानियां सामने लाई जाएंगी। इनमें उनके संघर्ष, कठिन परिश्रम, अनुशासन, असफलताओं से जूझने का साहस और अंतत: सफलता हासिल करने की प्रेरक यात्रा को विस्तार से दिखाया जाएगा।
यह कहानियां न केवल खेल उपलब्धियों तक सीमित रहेंगी बल्कि खिलाड़ियों के जीवन के उन पहलुओं को भी उजागर करेंगी जो आमतौर पर नजरों से ओझल रह जाते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किया जाएगा प्रसारित
विश्वविद्यालय इस सीरीज को अपने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करेगा ताकि अधिक से अधिक लोग इन प्रेरणादायक अनुभवों से जुड़ सकें। खास बात यह है कि हर कहानी में खिलाड़ी के व्यक्तिगत संघर्ष, पारिवारिक पृष्ठभूमि, ट्रेनिंग की कठिनाइयों और जीत तक के सफर को प्रस्तुत किया जाएगा।
खेल परंपरा का महत्वपूर्ण कदम
विवि की यह पहल हरियाणा की समृद्ध खेल परंपरा को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। साथ ही यह खिलाड़ियों को न केवल पहचान दिलाएगी बल्कि समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
वर्जन
यह सीरीज केवल कहानियों का संग्रह नहीं बल्कि उन जज्बों का सम्मान है जो खिलाड़ियों को हर चुनौती के बावजूद आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। युवाओं से अपील है कि वह इन कहानियों से सीख लें। अपने जीवन में खेल, फिटनेस व अनुशासन को अपनाएं। -अशोक कुमार, कुलपति, हरियाणा खेले विवि, राई।