सोनीपत के ककरोई चौक पर ट्रैफिक लाइट पैर पर गिरने से चोटिल युवक। संवाद
सोनीपत। ककरोई चौक के पास ट्रैफिक लाइट टूटकर एक युवक के पैर पर गिर गई, जिससे वह चोटिल हो गए। घटना के समय युवक वहां से गुजर रहे थे। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं लगी और कोई अन्य व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। युवक को अस्पताल में उपचार दिलवाया गया है।
सोनीपत निवासी साहिल ने बताया कि वह ककरोई की तरफ से महलाना की तरफ जा रहे थे। जब वह बाइक पर ककरोई चौक पर पहुंचे तो बंद पड़ी ट्रैफिक लाइट अचानक टूटकर गिर गई, जिससे उनके पैर में चोट आई। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में उपचार दिलवाया। बताया जा रहा है कि खंभे को पहले किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह झुक गया था। उसके बावजूद उसकी सुध नहीं ली गई। अब उस पर बंधे तार पर बंदरों के झूलने से खंभा अचानक गिर गया, जिससे युवक चोटिल हो गया। अगर ट्रैफिक लाइट टूटकर किसी के सिर पर गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था।