फोटो 02: सोनीपत के पास ड्रेन नंबर छह का निरीक्षण करते सिंचाई विभाग व नगर निगम की संयुक्त टीम मे
सोनीपत। पानी निकासी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए सिंचाई विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सोमवार को ड्रेन नंबर छह का निरीक्षण किया। बारिश के दौरान बार-बार ओवरफ्लो होने वाली ड्रेन नंबर-6 से किसानों को जल्द राहत दी जाएगी।
अधिकारियों ने निर्णय लिया कि ड्रेन नंबर छह की पटरी को मजबूत किया जाएगा। साथ ही सोनीपत से गांव भौरा रसूलपुर तक इसकी सफाई की जाएगी। इसको लेकर सिंचाई विभाग प्रस्ताव तैयार करके मुख्यालय भेजेगा।
पिछले वर्ष नगर निगम ने शहर के अंदर ड्रेन नंबर-6 को पक्का करने का काम किया था। इसके चलते ड्रेन के पानी को डायवर्ट किया गया था। जलस्तर बढ़ने पर ड्रेन ओवरफ्लो हो गई थीं। इससे जटवाड़ा, जाहरी व कई गांवों के खेतों में पानी भर रहा था। किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा था। ड्रेन की पटरी कमजोर होने से बारिश के सीजन में पानी खेतों में घुस जाता है।
इस समस्या के समाधान के लिए सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संदीप तनेजा, अधीक्षण अभियंता आरके बोडवाल, कार्यकारी अभियंता गुलशन कुमार, नगर निगम के मुख्य अभियंता विवेक गिल व कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग ने संयुक्त रूप से ड्रेन का निरीक्षण किया।
मुख्य अभियंता संदीप तनेजा ने ड्रेन से पानी निकासी को लेकर बारिश का मौसम शुरू होने से पहले सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ड्रेन की पटरी को मजबूत करने के लिए कहा है।
इसके लिए प्रस्ताव तैयार करके मुख्यालय भेजने की बात कही है। प्रस्ताव मंजूर करवाकर आगामी काम किया जाएगा, ताकि अगली बारिश के सीजन के दौरान ड्रेन का पानी खेतों में न घुस पाए।