माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने कहा कि संविधान की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसे लागू करने वाले लोग कितने ईमानदार, समर्पित और जिम्मेदार हैं। जन प्रतिनिधियों को भी उसी मर्यादा और अनुशासन का पालन करना चाहिए ताकि लोकतंत्र और मजबूत हो सके। यदि व्यक्तिगत या दलगत हित हावी हो जाएं तो मजबूत से मजबूत व्यवस्था भी कमजोर पड़ जाती है।
वे शनिवार को दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में संविधान के सिद्धांत, विशेषताएं एवं विधायिका के कार्य विषय पर युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन में हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें। युवा अगर दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें तो वह न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं बल्कि देश को भी नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे कार्यक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं बल्कि एक जीवंत सामाजिक दस्तावेज है। यह देश की विविधता को एकता में पिरोता है।
नवाचार से नए अवसर तलाशें युवा
हरिवंश ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बदलते वैश्विक परिदृश्य को समझें और नवाचार, उद्यमिता तथा कौशल विकास के माध्यम से अपने लिए नए अवसर तलाशें। आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा। इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उप सभापति ने हरियाणा विधानसभा के नवाचार और सकारात्मक पहल की सराहना की।
राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें : हरविंद्र कल्याण
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि आज का यह सम्मेलन युवाओं की जागरूकता बढ़ाने और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में चाहे वे किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ें लेकिन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। युवा सम्मेलन को हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार रामनारायण यादव ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर राज्यसभा सचिवालय की संयुक्त सचिव रोजी साइलो दामोदरन, राज्यसभा सचिवालय के निदेशक नरेंद्र कुमार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, राई विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक एस नारायणन, जिला उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम सुभाष चंद्र, डीसीआरयूएसटी के कुलपति डॉ. प्रो. श्रीप्रकाश सिंह मौजूद रहे।