गोहाना। मुख्यमंत्री के आदेश पर जिला प्रशासन ने गांव मातंड में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत रात्रि ठहराव किया। अधिकारियों ने दिन में स्टाल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद दरबार लगाकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। दरबार में एक छात्रा ने कहा कि साहब सरकारी स्कूल के कुछ शिक्षक शराब पीकर आते हैं और बच्चों को डांटते हैं। उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही कहा कि शिकायत सच मिलने पर शिक्षक को निलंबित किया जाए।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार गांव मातंड में वीरवार रात्रि को दरबार लगाकर शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान बच्ची उपायुक्त के सामने आई और कहा कि हमारे स्कूल में तीन शिक्षक शराब पीकर आते हैं। वह बच्चों को डांटते हैं। एक बुजुर्ग ने भी कहा कि बच्ची सही कह रही है। उपायुक्त ने इस पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि शिक्षा के मंदिर में ऐसा कृत्य असहनीय है। तीनों शिक्षकों का मेडिकल करवाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने मुंडलाना खंड के बीइ्रओ को निर्देश दिए कि मामले की गंभीरता से जांच करें। जांच में शराब पीकर स्कूल में आने की बात सच है तो तीनों शिक्षक निलंबित किए जाएं।